भारत में अब तक कोरोना के 242 केस
केरल में शुक्रवार को कोरोनावायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए। इनमें 5 ब्रिटिश नागरिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने बताया कि राज्य में संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है। राज्य में 7 विदेशी भी संक्रमित हैं। इसके साथ देश में संक्रमण के मामले 242 हो गए हैं। इससे पहले राजस्थान में 8 मामलों की पुष्टि हुई। उधर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सभी मॉल बंद कर दिए गए। दिल्ली में ग्रॉसरी, मेडिकल और वेजिटेबल शॉप खुली रहेंगी। रविवार को जनता कर्फ्यू के तहत दिल्ली मेट्रो और हरियाणा में बस सर्विस बंद रहेगी। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के चार शहरों मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन कर दिया गया है।
हालांकि, महाराष्ट्र में जरूरी सामान मिलता रहेगा। देश में इस संक्रमण के कारण पहली बार लॉकडाउन किया गया है। यहां पहली से आठवीं तक की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सभी को जनरल प्रमोशन दिया जाएगा। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवने ने कोविड-19 से निपटने की सुरक्षाबलों की तैयारियों की समीक्षा की। आर्मी की एडवाइजरी के अनुसार, 35% अधिकारी और 50% जवान 23 मार्च से एक सप्ताह तक घर से काम करेंगे। 30 मार्च को दूसरा समूह वर्क फ्रॉम होम करेगा।