कोरोनावायरस के नए पॉजिटिव मरीज सामने आने पर प्रशासन द्वारा इन मरीजों के 11 घरों को एपिसेंटर घोषित किया है। इन घरों से व्यवहारिक दूरी के क्षेत्र को कैंटोनमेंट एरिया भी घोषित किया गया है। अब इंदौर में कैंटोनमेंट क्षेत्रों की कुल संख्या 37 हो गई है। इन क्षेत्रों के सभी घरों का सर्वे निर्धारित प्रपत्र में प्रशासन की टीम द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पहले प्रशासन द्वारा पॉजिटिव मरीजों के घरों से तीन किमी के क्षेत्र को कैंटोनमेंट घोषित किया जाता था लेकिन अब तीन किमी के स्थान पर व्यवहारिक दूरी तक का उल्लेख किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इंदौर में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है।
प्रशासन के अनुसार कैंटोनमेंट क्षेत्र में आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। यहां रहने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी एवं कोरोना वायरस के संभावित लक्षण जैसे बुखार, खासी, गले में दर्द एवं सांस लेने में तकलीफ आदि नजर आने पर होम क्वारैंटाइन कर जांच की जाएगी। जांच का परिणाम आने तक जिनको होम क्वारैंटाइन किया गया है उनका प्रतिदिन फॉलोअप लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा नए घोषित किए गए कैंटोनमेंट क्षेत्र को सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि मेडिकल कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल भी कैंटोनमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है क्योंकि यहां रहने वाली एक छात्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।